![]() |
| Source:- Livecities.in |
आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेहद करीबी और राजद के पूर्व विधायक भोला यादव को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है. भोला यादव की गिरफ्तारी दिल्ली में हुई है. आईआरसीटी से जमीन के बदले नौकरी देने के घोटाले में सीबीआई ने भोला यादव के खिलाफ एक्शन लिया है. सीबीआई पटना और दरभंगा स्थित उनके चार ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. रेलवे भर्ती घोटाले में सीबीआई के अधिकारी भोला यादव से पूछताछ कर रहे हैं. इस मामले पर राजनीति भी शुरू हो गई है. बीजेपी नेता और बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा है कि आरजेडी के लोगों ने जमीन के खेल में खूब पैसा कमाया है.
आरजेडी नेता भोला यादव की गिरफ्तारी पर बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि जमीन के खेल में शामिल सभी पर IT कार्रवाई कर रही है. उन्होंने आरजेडी के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि राजद के लोगों ने जमीन के खेल में खूब पैसा कमाया है. नितिन नवीन ने कहा कि जो जैसा करेगा वैसा भरेगा. जनता का पैसा है इसका हिसाब तो देना पड़ेगा और जिन लोगों ने गलत किया है उनको जेल जाना पड़ेगा. वहीं पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को बिहार से जोड़ने की पहल हो रही है. बक्सर से भागलपुर तक जोड़ने पर केंद्र से बात हुई है. उन्होंने कहा कि बिहार के कई सड़क परियोजना का जल्द टेंडर होगा. केंद्रीय टीम और एनएचआई के चेयरमैन से मुलाकात हुई है.
![]() |
| Bhola Yadav RJD |
दरअसल साल 2004 से 2009 के बीच जब लालू यादव रेल मंत्री थे, तब भोला यादव उनके ओएसडी रहे थे. भोला यादव पर उस समय रेलवे में जमीन के बदले नौकरी लगवाने के आरोप हैं और उन्हें इस घोटाले का मास्टरमाइंड माना जा रहा है. जमीन के बदले रेलवे में नौकरी देने संबंधित मामले में सीबीआई द्वारा ये पहली गिरफ्तारी की गई है. भोला यादव की दिल्ली में हुई गिरफ्तारी के बाद बिहार के दरभंगा जिला स्थित उनके आवास पर छापेमारी हो रही है. बताया जा रहा है कि भोला यादव के पटना और दरभंगा स्थित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
बता दें कि आईआरसीटी से जमीन के बदले नौकरी देने मामले में सीबीआई ने दो महीने पहले लालू परिवार के ठिकानों पर भी छापेमारी की थी. पटना स्थित राबड़ी आवास और दिल्ली में मीसा भारती के घर समेत लालू प्रसाद यादव के कई ठिकानों पर छापेमारी हुई थी. बतातें चलें कि भोला यादव लालू यादव के सबसे करीबी नेताओ में से एक हैं. वो लालू प्रसाद के साथ घर से लेकर अस्पताल तक में देखे जाते हैं. भोला यादव द्वारा निर्वाचन आयोग में घोषित एफिडेविट में कुल घोषित आय-3.4 करोड़ रुपए है. उनकी चल संपत्ति 98.7 लाख, अचल संपत्ति 2.4 करोड़ रुपए है.

.jpeg)

0 टिप्पणियाँ